⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण
अनुसरण करना

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें

विश्व पर्यावरण सप्ताह पर सोनारी दोमुहानी में चला स्वच्छता अभियान, स्वच्छ नदी और हरित पर्यावरण का दिया संदेश

पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना

जमशेदपुर। विश्व पर्यावरण सप्ताह—2026 के तहत गुरुवार को जमशेदपुर वन प्रमंडल एवं एलिफेंट प्रोजेक्ट, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में सोनारी दोमुहानी क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता एवं नदी सफाई अभियान चलाया गया।

‘स्वच्छ नदी, स्वस्थ पर्यावरण’ थीम पर आयोजित इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा प्राकृतिक और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना था।

अभियान में वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सुबह से ही बड़ी संख्या में प्रतिभागी सोनारी दोमुहानी पहुंचे और नदी तट तथा आसपास के क्षेत्रों में फैले प्लास्टिक, पॉलीथिन, बोतलें एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर साफ-सफाई की। अभियान के दौरान लोगों को यह भी बताया गया कि प्लास्टिक कचरा नदियों और जल स्रोतों को किस प्रकार प्रदूषित करता है और इसका जैव विविधता तथा मानव स्वास्थ्य पर क्या दुष्प्रभाव पड़ता है।

इस अवसर पर जमशेदपुर वन प्रमंडल की डीएफओ सबा आलम ने कहा कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं हैं,बल्कि पर्यावरणीय संतुलन की आधारशिला भी हैं। यदि जल स्रोत स्वच्छ रहेंगे तो पर्यावरण भी स्वस्थ रहेगा। उन्होंने कहा कि नदियों और जलाशयों में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने की आवश्यकता है और इसके लिए जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाएं।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा, जल संरक्षण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही यह भी बताया गया कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए आम लोगों की सहभागिता भी जरूरी है। अभियान में शामिल स्वयंसेवकों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विश्व पर्यावरण सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वृक्षारोपण, जागरूकता रैली, स्वच्छता अभियान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का एहसास कराने और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। आयोजकों ने सभी नागरिकों से स्वच्छ, हरित और स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने तथा प्राकृतिक धरोहरों को संरक्षित रखने की अपील की।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें