पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान लगभग 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए गए
– प्रत्येक पंचायत मतदाताओं को 9 अंक का पहचान नंबर भी दिया गया
लखनऊ। राज्य निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची बुधवार को जारी कर दी है। प्रदेश के सभी जिलाें में यह मतदाता सूची जिलाधिकारी द्वारा जारी की गई है और इसमें प्रत्येक पंचायत मतदाताओं को 9 अंक का पहचान नंबर भी दिया गया है। आयोग ने दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन के बाद यह अंतिम मतदाता सूची जारी की है। अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद तकनीकी कारणों से इसे डाउनलोड करने में कुछ दिक्कतें सामने आ रही हैं। हालांकि संबंधित विभाग द्वारा समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जारी अंतिम मतदाता सूची में लगभग 1.81 करोड़ नए मतदाता जोड़े गए हैं जबकि शुद्धिकरण के बाद लगभग 1.41 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए भी गए हैं। इस प्रकार मतदाता सूची में लगभग 40.19 लाख मतदाता बढे़ हैं। माना जा रहा है कि अब अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद प्रदेश में पंचायत चुनाव गतिविधियां तेज होंगी। वर्तमान में ग्राम पंचायतों का कार्यकाल 26 मई को खत्म हो गया था। कार्यकाल खत्म होने के बाद सरकार ने प्रधानों को ही अगले छह महीने के लिए प्रशासक बनाया है।
सरकार ने पंचायत चुनाव में ओबीसी आरक्षण के लिए पिछड़ा वर्ग आयोग गठित किया है। इस ओबीसी कमीशन को छह महीनों के भीतर पिछड़ा वर्ग के आर्थिक और सामाजिक स्तर की समीक्षा करते हुए आरक्षण पर अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है।
