⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण
अनुसरण करना

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें

पेट्रोल संकट से धमतरी बेहाल: पंप सूखे, ब्लैक में 140 रुपये लीटर तक पहुंची कीमत

77 से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो जाने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है

धमतरी। धमतरी जिले में पेट्रोल संकट ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। धमतरी, कुरूद, मगरलोड और नगरी क्षेत्र में संचालित 77 से अधिक पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो जाने से वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 9 जून की शाम से ही अधिकांश पेट्रोल पंपों पर “पेट्रोल उपलब्ध नहीं है” की तख्तियां लटक गईं, जिसके बाद बाइक और कार चालकों में हड़कंप मच गया।

रातभर लोग पेट्रोल की तलाश में एक पंप से दूसरे पंप भटकते रहे, लेकिन कहीं भी राहत नहीं मिली। 10 जून की सुबह तक भी जिले के अधिकांश पंपों पर पेट्रोल नहीं पहुंच सका, जिससे शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। हालांकि कुछ पंपों पर सीमित मात्रा में डीजल उपलब्ध बताया जा रहा है, लेकिन पेट्रोल की अनुपलब्धता ने दैनिक जीवन और आवागमन को प्रभावित कर दिया है। कार्यालय जाने वाले कर्मचारी, व्यापारिक कार्यों से निकलने वाले लोग और ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले नागरिक सबसे अधिक परेशान नजर आए।

पेट्रोल की किल्लत का फायदा कुछ असामाजिक तत्व उठाते दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार कुछ साइकिल स्टोर्स और मोटरसाइकिल रिपेयरिंग दुकानों में पेट्रोल ब्लैक में बेचा जा रहा है, जहां इसकी कीमत 140 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। मजबूरी में कई लोगों को ऊंचे दाम चुकाकर पेट्रोल खरीदना पड़ रहा है। इससे लोगों में नाराजगी भी बढ़ रही है।

युवा नेता आशीष रात्रे ने कहा कि, लगातार बढ़ती महंगाई और ईंधन संकट से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण नहीं होने से लोगों की आर्थिक मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं और अब पेट्रोल की कमी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। दूसरी ओर पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि सप्लाई बाधित होने के कारण यह स्थिति बनी है। उनका दावा है कि जल्द ही टैंकरों के माध्यम से पेट्रोल की आपूर्ति शुरू होने की संभावना है, जिसके बाद हालात सामान्य हो जाएंगे। फिलहाल जिले भर के हजारों वाहन चालक पेट्रोल आने का इंतजार कर रहे हैं और प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें