⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण
अनुसरण करना

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें

रांची की महापौर ने सदर अस्पताल से किया राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

झारखंड में 61 लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

रांची। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ रविवार को रांची के सदर अस्पताल से महापौर रोशनी खलखो ने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर विधायक सीपी सिंह, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक, सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश कुमार सिंह सहित कई चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद महापौर रोशनी खलखो, विधायक सीपी सिंह और अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भारत में पिछले 14 वर्षों से पोलियो का एक भी मामला सामने नहीं आया है। उन्होंने इसका श्रेय स्वास्थ्यकर्मियों की निरंतर मेहनत, प्रभावी टीकाकरण अभियान और जनसहभागिता को दिया।

सिविल सर्जन ने कहा कि पाकिस्तान और अफगानिस्तान जैसे पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में सतर्कता बनाए रखना और प्रत्येक बच्चे का समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे शून्य से पांच वर्ष तक के किसी भी बच्चे को पोलियो की खुराक से वंचित न रहने दें।

मुख्य अतिथि महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि भारत ने पोलियो मुक्त राष्ट्र बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित टीकाकरण और जनसहभागिता जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों और चिकित्सकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयासों से ही देश पोलियो मुक्त बन पाया है। उन्होंने बताया कि सदर अस्पताल के अलावा गांवों के स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है, ताकि कोई भी बच्चा अभियान से छूट न जाए। उन्होंने सदर अस्पताल में बेहतर होती स्वास्थ्य सेवाओं की भी प्रशंसा की।

विधायक सीपी सिंह ने कहा कि देश को पोलियो मुक्त बनाने में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने सदर अस्पताल में लगातार बेहतर हो रही स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि आज यहां सभी वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने अस्पताल को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने बताया कि वर्ष 1995 से देशभर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष झारखंड में लगभग 61 लाख से अधिक बच्चों को 24,507 बूथों पर पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 28 जून को बूथ दिवस के रूप में अभियान चलाया जा रहा है, जबकि 29 और 30 जून को स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, बाजार तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ. विजय किशोर रजक ने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान पूरे देश में एक साथ संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों में अब भी पोलियो के मामले मिलने के कारण सतर्कता और नियमित टीकाकरण आज भी उतना ही आवश्यक है जितना पहले था।

कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्यकर्मियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी के सहयोग की अपेक्षा करते हुए अभिभावकों से अपील की कि वे 28 से 30 जून तक चलने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दौरान अपने शून्य से पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को और मजबूत बनाएं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें