पलामू। खरीफ फसल की सिंचाई के लिए लंबे इंतजार के बाद रविवार को मोहम्मदगंज स्थित उत्तर कोयल जलाशय बराज से दाईं मुख्य नहर के तीन गेट 10-10 सेंटीमीटर तक खोल दिए गए। इसके साथ ही नहर में 255 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। हालांकि सिंचाई विभाग का कहना है कि व्यापक सिंचाई की आवश्यकता की तुलना में यह मात्रा अभी पर्याप्त नहीं है।
सिंचाई विभाग के अनुसार, बराज के डाउनस्ट्रीम की ओर भी एक गेट खोला गया है, जिससे लगभग 370 क्यूसेक पानी का बहाव हो रहा है। बराज का वर्तमान पॉन्ड लेवल 250 दर्ज किया गया है। नहर के गेट खोलने की प्रक्रिया बराज प्रमंडल के सहायक अभियंता सुलेंद्र कुमार, कनीय अभियंता शुभम कुमार, मनीष कुमार और सौरभ पटेल की निगरानी में पूरी की गई।
बराज के नियमित संचालन के लिए तीन पालियों में कुल 12 दैनिक वेतनभोगी कर्मियों के साथ एक इलेक्ट्रिशियन की प्रतिनियुक्ति की गई है। विभाग के अनुसार खरीफ फसल की सिंचाई के लिए नहर में पानी छोड़ने की निर्धारित तिथि 15 जून थी, लेकिन जलाशय में पर्याप्त जल उपलब्ध नहीं होने के कारण करीब 20 दिन की देरी से नहर का संचालन शुरू किया गया।
नहर में पानी छोड़े जाने से क्षेत्र के किसानों में राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि उनका कहना है कि वर्तमान में छोड़ा जा रहा 255 क्यूसेक पानी सिंचाई की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। किसानों ने जलाशय का जलस्तर बढ़ने के साथ नहर में पानी की मात्रा भी बढ़ाने की मांग की है, ताकि धान सहित खरीफ की अन्य फसलों की समय पर सिंचाई सुनिश्चित हो सके और उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
