पूर्वी सिंहभूम। कदमा थाना क्षेत्र की भाटिया बस्ती में गुरुवार को युवक सुशील कुमार (24) का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि सुशील कुमार मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से भाटिया बस्ती में किराए के मकान में रह रहा था। करीब एक महीने पहले ही उसने कपाली के डोबो स्थित एक शराब दुकान में काम करना शुरू किया था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात वह शराब दुकान में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद भाटिया बस्ती स्थित कमरे पर लौट आया था। गुरुवार सुबह जब वह निर्धारित समय पर काम पर नहीं पहुंचा तो दुकान के कर्मचारियों और परिचितों को चिंता हुई। इसके बाद कुछ लोग उसकी तलाश करते हुए किराए के कमरे पर पहुंचे।
कमरे के अंदर सुशील का शव पंखे से फंदे के सहारे लटका मिला। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना कदमा थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की है। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका तत्काल कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद घटना की वजह स्पष्ट होने की संभावना है।
