⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

युवक ने टाइगर मोबाइल जवानों से की मारपीट, हिरासत में

पूर्वी सिंहभूम। टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको में बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर में जन्मदिन मनाने पहुंचे युवक और गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों के बीच बुधवार रात विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना में टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार के सिर में चोट लगी, जबकि उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा को हिरासत में लिया है।

बताया गया कि आदित्य करवा अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ हुडको स्थित बंद क्वार्टर नंबर 152 में पहुंचा था। इसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन की नजर क्वार्टर में मौजूद युवक-युवती पर पड़ी। सुनसान और बंद क्वार्टर में मौजूद होने को लेकर जवानों ने युवक से पूछताछ की। इसी दौरान युवक और जवानों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई।

आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ने पर आदित्य ने जवानों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी क्रम में वहां पड़े पत्थर से सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया गया, जिससे वह घायल हो गए। वहीं, चुन्नू राम सोरेन के साथ भी मारपीट की गई और उन्हें दांत से काटने का आरोप लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले आई।

घटना के बाद दोनों घायल जवानों का प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल और मामले से जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई है। मौके पर एक अन्य युवक और युवती के मौजूद होने की भी बात सामने आई है। टेल्को थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और विवाद के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें