⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

कोलकाता-हावड़ा समेत 11 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, मामला 290 करोड़ का ऋण घोटाला

कोलकाता/हावड़ा। बैंक धोखाधड़ी और धन शोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में एक साथ छापेमारी की। केंद्रीय जांच एजेंसी की टीमों ने कोलकाता और हावड़ा समेत करीब 11 ठिकानों पर सुबह से तलाशी अभियान शुरू किया।

जांच एजेंसी के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई करीब 290 करोड़ रुपये के बैंक ऋण घोटाले से जुड़ी है। आरोप है कि झारखंड में 66 मेगावाट क्षमता के विद्युत संयंत्र की परियोजना के नाम पर एक कंपनी ने विभिन्न बैंकों से करीब 290 करोड़ रुपये का ऋण लिया था। आरोप है कि ऋण की राशि निर्धारित परियोजना में इस्तेमाल करने के बजाय कई मुखौटा कंपनियों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी गई।

इसी वित्तीय हेराफेरी की जांच के तहत ईडी के अधिकारियों ने संबंधित कंपनी के निदेशकों और वरिष्ठ अधिकारियों के आवासीय एवं अन्य परिसरों पर एक साथ तलाशी शुरू की।

हावड़ा के बाली इलाके में केपी कुमार स्ट्रीट स्थित एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल पर अग्रवाल परिवार के फ्लैट में भी ईडी की टीम पहुंची। अधिकारियों ने वहां दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच शुरू की।

इसके अलावा कोलकाता के विभिन्न इलाकों में कंपनी से जुड़े अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों के परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है। पश्चिम बंगाल के अलावा झारखंड में भी संबंधित ठिकानों पर ईडी की टीमें जांच में जुटी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों और डिजिटल लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इन साक्ष्यों के आधार पर ईडी आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा सकती है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें