⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा रेलवे मार्केट में मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय युवक करन गोप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके घर के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन दुकान में मरम्मत के लिए रखे गए थे। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक पहले भी चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।

गुरुवार को किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुवा थाना क्षेत्र के ऊपर धौड़ा निवासी सुभाष कुमार सिंह की रेलवे मार्केट स्थित मोबाइल दुकान में 26 अक्टूबर की रात चोरी हुई थी। अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर मरम्मत के लिए रखे गए मोबाइल फोन और ब्लूटूथ स्पीकर ले गए थे। इस संबंध में दुकानदार की लिखित शिकायत पर गुवा थाना में (कांड संख्या 30/2026) दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपिताें की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी दल गठित किया। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि शक्ति नगर निवासी करन गोप ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है और सामान अपने घर के पीछे झाड़ियों में छिपा रखा है। सूचना के आधार पर 28 अक्टूबर को पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के सभी 35 मोबाइल फोन और दो ब्लूटूथ स्पीकर बरामद किए गए।

पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में करन गोप को गिरफ्तार कर लिया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के अनुसार, आरोपित का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह वर्ष 2025 में गुवा थाना (बड़ाजामदा ओपी) में दर्ज चोरी के एक मामले में जेल जा चुका है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनीत कुमार किंडो, गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक बिनोद बेक, गणेश शंकर गौड़ और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें