पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जिन्तुगड़ा स्कूलसाई गांव में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित पति मांगील सिंकु (35) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की गईता समेत अन्य सामान भी जब्त किए हैं। गुरुवार को जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राफेल मुर्मू ने थाना परिसर में प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया।
एसडीपीओ ने बताया कि 28 अक्टूबर को ग्रामीण मुंडा ने पुलिस को सूचना दी थी कि मांगील सिंकु ने रात करीब तीन बजे घर में सो रही अपनी पत्नी सालमी सिंकु पर लोहे की गईता से हमला कर दिया। हमले में सालमी की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।
पुलिस टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो घर के अंदर सालमी सिंकु का शव पड़ा मिला, जबकि आरोपी पति फरार था। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीण मुंडा और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
इस मामले में मृतका की बहन अवंती लागुरी (20), निवासी पोखरपी, थाना जेटेया के लिखित आवेदन पर जगन्नाथपुर थाना में ( कांड संख्या 48/2026 ) के तहत 28 अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने छापेमारी कर आरोपित मांगील सिंकु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार किया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल लोहे की गईता सहित अन्य साक्ष्य भी जब्त किए गए हैं।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी टिन्कु कुमार दास, पुलिस अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार, राजेश कुमार राय और विश्वनाथ हेम्ब्रम, सहायक अवर निरीक्षक निमाय कुमार सिंह तथा जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।