⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

करम पर्व पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं

रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने करम पूजा की समस्त प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है।

राज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर मंगलवार को प्रकृति पर्व ‘करमा पूजा’ के पावन अवसर पर समस्त झारखण्डवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि करमा पूजा प्रकृति, संस्कृति और सामुदायिक एकजुटता का पर्व है। यह पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए, यही मंगलकामना है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रकृति महापर्व करम पर्व की सभी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि प्रकृति और मानव जीवन के गहरे जुड़ाव, भाई-बहन के अटूट प्रेम, सामाजिक एकजुटता तथा हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपरा का प्रतीक करम पर्व झारखंड की पहचान और हमारी जीवन-पद्धति से गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि करम पर्व हमें प्रकृति के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और उसके संरक्षण की प्रेरणा देता है। हमारे पूर्वजों ने हमें सिखाया है कि जल, जंगल और जमीन केवल हमारे जीवन के आधार नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के पवित्र स्नेह और आपसी विश्वास का भी पर्व है। अखड़ा में करम डाली की स्थापना, मांदर की थाप, करम गीत और सामूहिक नृत्य हमारी जीवंत लोक-संस्कृति की सुंदर अभिव्यक्ति हैं। प्रकृति महापर्व करम की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह हमें अपनी जड़ों से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है। आधुनिकता और विकास की राह पर आगे बढ़ते हुए भी हमें अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा, लोकज्ञान और प्रकृति के साथ अपने संबंधों को मजबूत बनाए रखने का उत्साह देता है। हमारे पुरखों की यही समृद्ध विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित और सशक्त रूप में पहुंचे, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

हेमंत सोरेन ने कहा, ” मैं कामना करता हूं कि इस पावन अवसर पर हर परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे। भाई-बहन का प्रेम और मजबूत हो, समाज में आपसी सद्भाव और एकजुटता बढ़े तथा हमारा झारखंड प्रकृति और संस्कृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए निरंतर आगे बढ़ता रहे।”

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी समस्त प्रदेशवासियों को भाई-बहन के अटूट प्रेम के प्रतीक प्रकृति पर्व करम पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। मरांडी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है कि झारखंड की आदिवासी-मूलवासी लोक संस्कृति का पर्याय यह पावन करम पर्व आप सबके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लाए।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें