रांची: सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा में रविवार को मेधावी छात्र अभिनंदन सह अभिभावक सम्मान समारोह-2026 का आयोजन किया गया। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) विजय सिंह, कुलाधिपति, सिक्किम स्किल विश्वविद्यालय, साउथ सिक्किम तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. मिलिंद, पूर्व प्रति कुलपति, ऊषा मार्टिन विश्वविद्यालय, रांची थे। अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्राचार्य ललन कुमार ने कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। इसके बाद पवन मंत्री एवं अखिलेश्वर नाथ मिश्र ने मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि को अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न एवं तुलसी का पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
शिशु विकास मंदिर समिति के मंत्री एस. वेंकट रमण ने कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए कहा कि किसी भी विद्यार्थी के प्रथम गुरु उसके माता-पिता होते हैं, इसलिए अभिभावकों का सम्मान विद्यालय के लिए गौरव की बात है। इसके बाद मंचासीन अतिथियों ने मेधावी विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि ने कक्षा 12वीं विज्ञान संकाय की टॉपर समीक्षा (97.2%), वाणिज्य संकाय की टॉपर अविष्का सिंह (90.8%) तथा कला संकाय के ओम कुमार (87%) को सम्मानित किया। वहीं कक्षा 10वीं की छात्रा तुल्शिका परीतृप्ति ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
समारोह में 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रतीक-चिह्न एवं प्रमाण-पत्र तथा उनके अभिभावकों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. मिलिंद ने कहा कि वे स्वयं भी सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व छात्र रहे हैं और इस विद्यालय के संस्कार आज भी उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में सफलता के लिए साहस, सतत प्रयास और निरंतरता आवश्यक है।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं के छात्र आदित्य कुमार ने “निर्माणों के पावन युग में” एकल गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) विजय सिंह ने विद्यार्थियों को जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने तथा हर परिस्थिति में अपनी क्षमता को निखारने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शिशु विकास मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र देव गोस्वामी ने की। उन्होंने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
धन्यवाद ज्ञापन समिति के कोषाध्यक्ष लाल अशोक नाथ शाहदेव ने किया।
कार्यक्रम में समिति के उपाध्यक्ष सुनील दत्त, सदस्य अखिलेश्वर नाथ मिश्र, अमरकांत झा, पवन मंत्री, आशीष कुमार शाहदेव, योगेश्वर दुबे, राजीव कुमार झा, तरुण नाथ शाहदेव, डॉ. संध्या सिंह, अंजू कुजूर, प्राचार्य ललन कुमार, उप-प्राचार्य मीना कुमारी सहित विद्यालय के सभी आचार्य, दीदीजी, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित थे।
