⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

शराब घोटाला : पूर्व मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे से ईडी की पूछताछ जारी

रांची। झारखंड के चर्चित शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव के बेटे रोहित उरांव सोमवार को निर्धारित समय पर रांची के हिनू स्थित ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, ईडी ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रोहित उरांव से पूछताछ प्रारंभ की। जांच एजेंसी उपलब्ध दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उनसे विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी जुटा रही है। पूछताछ का केंद्र शराब घोटाले से जुड़े कथित आर्थिक लेन-देन और अन्य तथ्यों को माना जा रहा है।

ईडी की जांच झारखंड के कथित शराब घोटाले और उससे जुड़े कारोबारी योगेंद्र तिवारी से संबंधित मामलों पर केंद्रित है। इसी जांच के दौरान एजेंसी ने रोहित उरांव को दूसरा समन जारी कर छह जुलाई को रांची स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

वहीं, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव को भी ईडी ने पूछताछ के लिए सात जुलाई को तलब किया है। एजेंसी उनसे भी शराब घोटाले की जांच से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।

इससे पहले ईडी ने रोहित उरांव को पहला समन जारी कर 29 जून को और रामेश्वर उरांव को 30 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, दोनों ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए तीन-तीन सप्ताह का समय मांगा था।

ईडी ने उनके अनुरोध पर विचार करने के बाद केवल एक सप्ताह की मोहलत दी और दूसरा समन जारी करते हुए रोहित उरांव को छह जुलाई तथा रामेश्वर उरांव को सात जुलाई को ईडी कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।

अब रोहित उरांव से जारी पूछताछ और मंगलवार को रामेश्वर उरांव की प्रस्तावित पेशी को इस मामले की जांच में अहम माना जा रहा है। ईडी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित शराब घोटाले से जुड़े आर्थिक लेन-देन, निर्णय प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं में किसी प्रकार की भूमिका या जानकारी रही है या नहीं। जांच एजेंसी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें