⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

रिमझिम फुहारों से किसानों में खुशी, खेती ने पकड़ी रफ्तार

खूंटी । मानसून की रिमझिम फुहारों ने खूंटी जिले के किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। पिछले कुछ दिनों से हो रही हल्की बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे खरीफ खेती ने रफ्तार पकड़ ली है। जिले के खूंटी, तोरपा, कर्रा, मुरहू, रनिया और अड़की प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि कार्य तेजी से चल रहा है। खेतों में किसानों की चहल-पहल और हरियाली से सजे ग्रामीण इलाकों ने पूरे जिले का नजारा बदल दिया है।

सुबह होते ही किसान अपने परिवार के साथ खेतों की ओर निकल पड़े हैं। कहीं ट्रैक्टर से जुताई हो रही है तो कहीं बैलों की मदद से खेत तैयार किए जा रहे हैं। महिलाएं और पुरुष मिलकर खेती किसानी में लग गए हैं।

कुंजला के प्रगतिशील किसान और भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष काशीनाथ महतो कहते हैं कि

समय पर हुई बारिश ने खेती के लिए अनुकूल माहौल बना दिया है। पर्याप्त नमी मिलने से कृषि करय में तेजी आई है।

उन्होंने कहा कि यदि मानसून इसी तरह सक्रिय रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की पूरी उम्मीद है।

प्रमाणित बीजों का प्रयोग करें किसान

तोरपा स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डॉ राजन चौधरी ने कहा कि किसान हमेशा प्रमाणित बीजों का ही उपयोग करें और संतुलित मात्रा में रासायनिक खादों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि कृषि से संबंधित किसी प्रकार कि समस्या के समाधान के लिए तोरपा के दियाँकेल कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि विशेषज्ञ से सम्पर्क कर सकते हैं।

रोजगार में भी हुई वृद्धि

रिमझिम बारिश ने केवल खेतों को ही नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में भी नई जान फूंक दी है। कृषि कार्यों में तेजी आने से मजदूरों को भी रोजगार मिलने लगा है। इसके साथ ही खाद बीज की दुकानों में भी किसानों की भीड़ उमड़ने लगी है। इससे दुकानदार भी खुश हैं।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें