धनबाद। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिले में 23,612 राशन कार्ड निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण और उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देश के तहत की परफॉर्मेंस इंडिकेटर में चिन्हित सरकारी कर्मचारी, आयकर दाता और ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी के लाभुकों पर यह कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार चिन्हित लाभुकों में 21,996 आयकर दाता, 1,493 ग्रॉस टर्नओवर श्रेणी के और 123 सरकारी नौकरी करने वाले शामिल हैं। झारखंड लक्षित जन वितरण प्रणाली (नियंत्रण) आदेश, 2024 के “एक्सक्लूजन क्राइटेरिया” के तहत इन सभी लाभुकों और उनके परिवार के सदस्यों के राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे। जिला प्रशासन ने निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्रवाई शुरू कर दी है।