⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

मदरसा छात्राओं ने निकाली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति और शिक्षा का दिया संदेश

नूंह। हरियाणा राज्य के नूंह ज़िले में पसमांदा विकास फाउंडेशन की ओर से बुधवार को देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यासीन मेव डिग्री कॉलेज से शुरू हुई यात्रा में जिले के विभिन्न इस्लामी मदरसों में पढ़ने वाली सैकड़ों छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राएं एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुईं।

पसमांदा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष मौहम्मद मेराज राईन ने कहा कि फाउंडेशन समाज के उत्थान और बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को लेकर समाज में कई तरह की धारणाएं बनी हुई हैं। इसी को दूर करने और यह संदेश देने के लिए यात्रा निकाली गई कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चे भी देश और समाज की प्रगति में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि मदरसे में पढ़ने वाले बच्चों को जिहादी कहे जाने से समाज के लोगों को दुख होता है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज के लोगों को कुरान से जितना प्रेम है, उतना ही देश के तिरंगे और भारत से भी प्रेम है। यात्रा के माध्यम से भाईचारे, देशभक्ति और शिक्षा का संदेश दिया गया।

फाउंडेशन अध्यक्ष ने कहा कि मुस्लिम समाज के बच्चे भी आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनना चाहते हैं, लेकिन कई जगह संसाधनों की कमी उनके सामने चुनौती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को कंप्यूटर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे धार्मिक शिक्षा के साथ-साथ आधुनिक और तकनीकी शिक्षा भी हासिल कर सकें और देश की प्रगति में योगदान दे सकें।

वहीं, पसमांदा विकास फाउंडेशन की महिला अध्यक्ष निकहत परवीन ने कहा कि पसमांदा समाज की बेटियां अब पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल बच्चियां मदरसों में पढ़ती हैं और दिनी तालीम के साथ-साथ बुनियादी शिक्षा भी हासिल कर रही हैं। यात्रा में बच्चियों की भागीदारी को उन्होंने शिक्षा, जागरूकता और आगे बढ़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिला प्रशासन की तरफ से कुंवर आदित्य विक्रम एसडीएम नूंह ने पसमांदा विकास फाउंडेशन द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा को झंडा दिखाकर रवाना किया।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें