जमुई। नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्रता और छात्रा से बैड टच का वीडियो वायरल होने के बाद सुर्खियों में आए जमुई कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में मामले के मुख्य आरोपी नंदन यादव को गोली लगी, जबकि एक अन्य आरोपी का पैर टूट गया। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिहार पुलिस की एडीजी लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम के अनुसार, मामले में संबंधित थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 128, 74 और 75 तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 8 और 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। एसआईटी की निगरानी जमुई के एसडीपीओ के नेतृत्व में की जा रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा था हड़कंप
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया था। वायरल वीडियो में कुछ युवक सड़क पर जा रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को रोककर उनके साथ अभद्रता करते दिखाई दे रहे थे। छात्रा के साथ आपत्तिजनक व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से देशभर में चर्चा में आ गया।
पुलिस ने शुरू की थी आरोपियों की तलाश
वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित दोनों नाबालिग हैं। पुलिस ने उनसे बातचीत कर घटना की जानकारी ली और उनके बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पहाड़ी इलाके में हुई थी वारदात
एडीजी के अनुसार, घटना जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर एक पहाड़ी इलाके में हुई थी। घटना का समय शाम करीब 6:25 से 6:30 बजे के बीच बताया गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि घटनास्थल वाले इलाके में गश्ती की क्या व्यवस्था थी और उस समय वहां पुलिस की मौजूदगी क्यों नहीं थी।
जांच के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान जिस किसी की भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। मामले में महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया था।
क्या था पूरा मामला
19 सितंबर की शाम करीब छह से सात बजे के बीच कुछ युवकों ने बाइक से जा रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को सड़क पर रोक लिया था। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। जमुई एसपी ने भी वायरल वीडियो और घटना की पुष्टि की थी। इसके बाद पुलिस ने पीड़ितों से जानकारी लेकर आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच तेज कर दी थी।
