⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

पानी से भरे गड्ढे में डूबने से भाई-बहन की मौत

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर थाना क्षेत्र के बाघचट्टा गांव में बुधवार को हादसे में दो मासूम सगे भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे घर के पास खेलते समय बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी जान चली गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान अगस्तीन टुडू के छह वर्षीय पुत्र गॉडसन टुडू और चार वर्षीय पुत्री एंजेल टुडू के रूप में हुई है। अगस्तीन आनंदपुर में रहकर राजमिस्त्री का काम करते हैं। बताया गया कि दोनों बच्चे अपने पिता के साथ ही रहते थे। उनकी मां पहले ही घर छोड़कर जा चुकी हैं।

जानकारी के अनुसार बुधवार को दोनों बच्चे आनंदपुर स्थित डीएवी स्कूल गए थे। दोपहर में स्कूल से लौटने के बाद उन्होंने घर पर खाना खाया और इसके बाद खेलने के लिए पास स्थित इमली के पेड़ की ओर चले गए। इसी दौरान घर से करीब सौ मीटर दूर बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे के पास उनका पैर फिसल गया और दोनों पानी में गिर गए। आसपास किसी के नहीं होने के कारण तत्काल मदद नहीं मिल सकी।

शाम करीब सात बजे तक दोनों बच्चों के घर नहीं लौटने पर पिता ने उनकी तलाश शुरू की। पड़ोस और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद ग्रामीणों की मदद से पानी से भरे गड्ढे में भी तलाश की गई। इसी दौरान दोनों बच्चों के शव पानी में मिले।देर रात ग्राम मुंडा की मौजूदगी में ग्रामीणों ने दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना आनंदपुर थाना प्रभारी प्रिंस कुमार को दे दी गई है। पिता अगस्तीन ने पुलिस को दिए बयान में किसी पर संदेह नहीं जताया है और घटना को हादसा बताया है। उन्होंने बच्चों के शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने का अनुरोध भी किया है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें