⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

09 अगस्त को मानगो से सुल्तानगंज के लिए निकलेगा 1000 कांवरियों का भव्य जत्था

पूर्वी सिंहभूम। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित होने वाली भव्य कांवर यात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। यात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को डिमना स्थित महेंद्र मैरिज हॉल में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने की। बैठक में यात्रा की रूपरेखा, श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया।

विकास सिंह ने बताया कि 09 अगस्त को मानगो से करीब 1000 कांवरिया गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और बोल बम के जयघोष के साथ सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे। यात्रा के प्रस्थान के दौरान शिव परिवार की आकर्षक जीवंत झांकी श्रद्धालुओं के बीच आस्था का केंद्र बनेगी। मानगो स्थित हीरा होटल के सामने दुर्गा पूजा मैदान में सभी कांवरियों का सामूहिक समागम होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु पैदल मार्च करते हुए अपने-अपने वाहनों तक पहुंचेंगे और वहां से सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। यात्रा के शुभारंभ पर आतिशबाजी भी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से श्रद्धालु निर्धारित स्थानों पर एकत्र होंगे। सोनारी के श्रद्धालु बाबा भूतनाथ मंदिर, कदमा और बिष्टुपुर के श्रद्धालु रंकणी मंदिर के समीप और साकची और मानगो के श्रद्धालु हीरा होटल के पास जुटेंगे। इसके बाद सभी जत्थे एक साथ यात्रा में शामिल होंगे।

विकास सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केवल देवघर पहुंचना नहीं, बल्कि उन शिवभक्तों की मनोकामना पूरी करना भी है जो किसी कारणवश स्वयं बाबा बैद्यनाथ धाम नहीं जा पाते।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 10 अगस्त को सभी कांवरिया सुल्तानगंज पहुंचकर उत्तरवाहिनी गंगा से गंगाजल भरेंगे और इसके बाद पैदल देवघर के लिए प्रस्थान करेंगे। पहले दिन यात्रा असरगंज के धांधीबिलारी धर्मशाला में रात्रि विश्राम करेगी। प्रत्येक पड़ाव पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।

संघ की ओर से यात्रा के दौरान भोजन, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है। सैकड़ों स्वयंसेवक और महिला स्वयंसेविकाएं सेवा कार्य में तैनात रहेंगी। रात्रि के समय रेडियमयुक्त परिधान पहनकर साइकिल से गश्त करने वाली सेवा टीम कांवरियों को सुरक्षित रूप से उनके पड़ाव तक पहुंचाने में सहयोग करेगी। बैठक में बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं की भी सहभागिता रही।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें