⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

सेल अधिकारी के घर लाखों की चोरी

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू में चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए सेल अधिकारी राहुल यादव के डी-टाइप स्थित सरकारी आवास संख्या डी-33 में बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। 24 और 25 सितंबर की मध्यरात्रि हुई इस वारदात में चोर करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन और लगभग 15 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये। घटना के समय राहुल यादव अपने परिवार के साथ दुर्गापुर गये हुए थे।

चोरों ने आवास के तीन दरवाजों पर लगे चार तालों को तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद घर के अंदर रखे गोदरेज तक पहुंचे। बताया गया कि गोदरेज को तोड़ने के बजाय उसे चोरों ने किसी तरीके से खोल लिया और उसमें रखे आभूषण तथा अन्य कीमती सामान निकाल लिये। चोरों ने घर में रखे दूसरे सामानों को नुकसान नहीं पहुंचाया।

वारदात से पहले घर के बाहर जल रहे दो बल्बों को खोलकर नीचे रख दिया गया था। इससे माना जा रहा है कि चोरों ने अंधेरे का फायदा उठाने के लिए पहले से तैयारी की थी। घटना के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गयी है और जांच की जा रही है।

चोरी की यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है, क्योंकि डी-टाइप कॉलोनी में सेल किरीबुरू और मेघाहातुबुरू के कई वरिष्ठ अधिकारी रहते हैं। राहुल यादव के आवास के पीछे पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय और आवास बताया गया है। वहीं, करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास और कार्यालय स्थित है। ऐसे इलाके में चोरों द्वारा कई ताले तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करना रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार किरीबुरू और आसपास के इलाकों में पिछले एक महीने के दौरान चोरी की कई घटनाएं सामने आयी हैं। अंग्रेजी शराब दुकान सहित कई दुकानों में चोरी के अलावा मेघाहातुबुरू सामुदायिक भवन, केबल टीवी कंट्रोल रूम, मेंटेनेंस कार्यालय और बराईबुरू क्षेत्र में वाहनों से बैटरी चोरी की घटनाएं भी हुई हैं। कुछ मामलों में चोरों के सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आयी है।

लगातार चोरी की घटनाओं के बीच अब एक सेल अधिकारी के सरकारी आवास में लाखों रुपये की चोरी होने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गयी है।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें