⚠️ यह साइट निर्माणाधीन है — बीटा संस्करण

तेज बहाव में बहे टीपू खान का शव दो दिन बाद बरामद

पूर्वी सिंहभूम। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में 18 अगस्त की देर रात नदी के तेज बहाव में बह गए 28 वर्षीय टीपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया। करीब दो दिनों तक चले तलाशी अभियान के बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने शास्त्रीनगर रोड नंबर-5 स्थित मरीन ड्राइव छठ घाट के समीप नदी किनारे झाड़ियों में फंसे शव को बाहर निकाला।

स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह कुछ लोग छठ घाट के पास नदी में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे एक युवक के शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम की सहायता से शव को झाड़ियों से बाहर निकाला गया।

शव बरामद होने की सूचना मिलने पर टीपू के परिजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान टीपू खान के रूप में की। पहचान के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

बताया गया कि करीब दो दिनों तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया था। शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि शास्त्रीनगर इलाके में भी शोक का माहौल रहा।

बताया जाता है कि 18 अगस्त की रात शास्त्रीनगर इलाके में तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसी दौरान टीपू अपने घर में घुसे पानी के कारण सामान को सुरक्षित स्थान पर निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी बीच वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी के साथ बह गया। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी का बहाव इतना तेज था कि देखते ही देखते टीपू पानी में लापता हो गया।

घटना के बाद से ही कदमा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में एनडीआरएफ की टीम लगातार नदी और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चला रही थी। गुरुवार को मरीन ड्राइव छठ घाट के पास झाड़ियों में शव मिलने के बाद अभियान समाप्त किया गया।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सबसे महत्वपूर्ण खबरों से अपडेट रहें

सब्सक्राइब बटन दबाकर, आप पुष्टि करते हैं कि आपने हमारी गोपनीयता नीति और उपयोग की शर्तें पढ़ी हैं और सहमत हैं गोपनीयता नीति and उपयोग की शर्तें