
गोड्डा। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, निर्वाचन पदाधिकारियों और संबंधित कर्मियों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई अयोग्य व्यक्ति सूची में शामिल न हो।
उपायुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। इसलिए सभी संबंधित पक्षों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति बहुल क्षेत्रों तथा कम साक्षरता वाले इलाकों में जागरूकता फैलाने पर बल दिया गया।
बैठक के दौरान विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रावधान, मतदाताओं के सत्यापन, छूटे हुए मतदाताओं को सूची में शामिल करने तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ स्तरीय अभिकर्ता-2 (बीएलए-2) की शीघ्र नियुक्ति सुनिश्चित करने का आग्रह किया, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया को प्रभावी, पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जा सके।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान किया गया तथा उनके सुझावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रमुख तिथियां
- अर्हता तिथि – 01 अक्टूबर 2026
- तैयारी, प्रशिक्षण एवं मुद्रण कार्य – 20 जून से 29 जून 2026
- बूथ स्तरीय अधिकारियों द्वारा घर-घर सत्यापन – 30 जून से 29 जुलाई 2026
- मतदान केंद्रों का युक्तिकरण – 29 जुलाई 2026 तक
- प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन – 05 अगस्त 2026
- दावा एवं आपत्ति प्राप्त करने की अवधि – 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026
- दावा एवं आपत्तियों का निष्पादन – 05 अगस्त से 03 अक्टूबर 2026
- अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन – 07 अक्टूबर 2026