खूंटी। सरकार के निर्देश एवं उपायुक्त मो जावेद हुसैन के मार्गदर्शन में खूंटी जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को विभिन्न प्रखंडों के पंचायत भवन और अंचल कार्यालयों में जाति, आय, स्थानीय निवासी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (इडब्ल्यूएस) प्रमाण-पत्र निर्गत करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए गए।
इन शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पात्र आवेदकों को मौके पर ही प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए।
जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इन शिविरों में नए आवेदनों की प्राप्ति के साथ-साथ लंबे समय से लंबित मामलों का भी त्वरित निष्पादन किया गया। अधिकारियों और कर्मियों ने आवेदकों के दस्तावेजों का जल्द सत्यापन कर पात्र लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट जाति, आय, निवास एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र जारी किए। साथ ही जिन मामलों में प्रक्रिया शेष थी, उनके शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई भी की गई।
गुरुवार को खूंटी प्रखंड के पंचायत भवन मुरही, तिलमा और गुटजोरा, कर्रा प्रखंड के पंचायत भवन छाता, रनियां प्रखंड के सोदे एवं खटखुरा पंचायत, मुरहू एवं अड़की प्रखंड के अंचल कार्यालय तथा तोरपा प्रखंड के तापकरा पंचायत में विशेष शिविर लगाए गए। प्रशासन के अनुसार इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीक ही आवश्यक प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना और सरकारी सेवाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित करना है।
जिला प्रशासन ने शुक्रवार को भी जिले के विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित करने की जानकारी दी है। इसके तहत खूंटी प्रखंड के फुदी और लांदुप पंचायत भवन, कर्रा प्रखंड के लिमड़ा पंचायत भवन, रनियां प्रखंड के डाहू पंचायत, मुरहू एवं अड़की अंचल कार्यालय एवं तोरपा प्रखंड के बारकुली पंचायत में शिविर लगाए जाएंगे।
उपायुक्त मो जावेद हुसैन ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और स्थल पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचकर जाति, आय, स्थानीय निवासी एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आमजन को त्वरित, पारदर्शी और सुलभ सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है और इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लोग लाभ उठाएं।
